फ़ॉलोअर

प. नरेन्द्र शर्मा लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
प. नरेन्द्र शर्मा लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

रविवार, 17 मार्च 2019

मेरा मन - नरेन्द्र शर्मा

Image result for मेरा मन / नरेन्द्र शर्मा
मेरा चंचल मन भी कैसा, पल में खिलता, मुरझा जाता!
जब सुखी हुआ सुख से विह्वल, जब दु:खी हुआ दु:ख से बेकल,
वह हरसिंगार के फूलों सा सुकुमार सहज कुम्हला जाता!

फूला न समाता खुश होकर, या घर भर देता रो-रोकर,
या तो कहता, 'दुनिया मेरी, या 'जग से मेरा क्या नाता!
मेरे मन की यह दुर्बलता, सामान्य नहीं निज को गिनता,
वह अहंकार से उपजा है, इसलिए सदा रोता-गाता!

मैंने बहुतेरा समझाया, मन अब तक समझ नहीं पाया,
वह भी मिट्टी से ही निकला, फिर मिट्टी ही में मिल जाता!
Related image
- नरेन्द्र शर्मा

चित्र - गूगल से साभार 


मंगलवार, 18 दिसंबर 2018

'आज के बिछुड़े न जाने कब मिलेंगे' - "प. नरेन्द्र शर्मा"

गूगल से साभार 
आज के बिछुड़े न जाने कब मिलेंगे ?
आज से दो प्रेम योगी, अब वियोगी ही रहेंगे |
आज के बिछुड़े न जाने कब मिलेंगे ?

सत्य हो यदि, कल्प की भी कल्पना कर, धीर बांधू,
किन्तु कैसे व्यर्थ की आशा लिये, यह योग साधूँ !
जानता हूँ अब न हम तुम मिल सकेंगे !
आज के बिछुड़े न जाने कब मिलेंगे ?

आयेगा मधुमास फिरभी, आयेगी श्यामल घटा घिर,
आँख भर कर देख लो अब, मैं न आउंगा कभी फिर !
प्राण तन से बिछुड़कर कैसे रहेंगे !
आज के बिछुड़े न जाने कब मिलेंगे ?

अब न रोना, व्यर्थ होगा, हर घड़ी आँसू बहाना,
आज से अपने वियोगी, ह्दय को हँसना सिखाना,
अब न हँसने के लिये, हम-तुम मिलेंगे !
आज के बिछुड़े न जाने कब मिलेंगे ?

आज से हम-तुम गिनेंगे एक ही नभ के सितारे 
दूर होंगे पर सदा को, ज्यो नदी के दो किनारे 
सिन्धुतट पर भी न दो जो मिल सकेंगे !
आज के बिछुड़े न जाने कब मिलेंगे ?

तट नदी के, भग्न उर के, दो विभागों के सदृश्य है,
चीर जिनको, विश्व की गति बह रही है, वे विवश है !
आज अथइति पर न पथ में, मिल सकेंगे 
आज के बिछुड़े न जाने कब मिलेंगे ?

यदि मुझे उसपार का भी मिलन का विश्वास होता,
सच कहूंगा, न मैं असहाय या निरुपाय होता,
किन्तु क्या अब स्वप्न में भी मिल सकेंगे ?
आज के बिछुड़े न जाने कब मिलेंगे ?

आज तक हुआ सच स्वप्न, जिसने स्वप्न देखा ?
कल्पना के मृदुल कर से मिटी किसकी भाग्यरेखा ?
अब कहाँ सम्भव कि हम फिर मिल सकेंगे !
आज के बिछुड़े न जाने कब मिलेंगे ?

आह ! अंतिम रात वह, बैठी रही तुम पास मेरे,
शीश काँधे पर धरे, घन कुंतल से गात घेरे 
क्षीण स्वर में कहा था, "अब कब मिलेंगे"
आज के बिछुड़े न जाने कब मिलेंगे ?

"कब मिलेंगे", पूछता मैं, विश्व से जब विरह कातर,
"कब मिलेंगे", गूँजते प्रतिध्वनीनिनादित व्योम सागर,
"कब मिलेंगे", प्रश्न उत्तर "कब ,मिलेंगे" !
आज के बिछुड़े न जाने कब मिलेंगे ?
- प. नरेन्द्र शर्मा