फ़ॉलोअर

रवीन्द्र भ्रमर लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
रवीन्द्र भ्रमर लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

गुरुवार, 23 मई 2019

दे दिया मैंने - रवीन्द्र भ्रमर

आज का यह दिन
तुम्हें दे दिया मैंने

आज दिन भर तुम्हारे ही ख़यालों में लगा मेला,
मन किसी मासूम बच्चे-सा फिरा भटका अकेला,
आज भी तुम पर
भरोसा किया मैंने ।

आज मेरी पोथियों में शब्द बनकर तुम्हीं दीखे,
चेतना में उग रहे हैं अर्थ कितने मधुर-तीखे,
जिया मैंने ।

आज सारे दिन बिना मौसम घनी बदली रही है,
सहन आँगन में उमस की, प्यास की धारा बही है,
सुबह उठकर नाम जो
ले लिया मैंने ।
 - रवीन्द्र भ्रमर

शुक्रवार, 12 अप्रैल 2019

बात है शब्द नहीं हैं - रवीन्द्र भ्रमर

Image result for रूठ न जाना radhe
बात है
शब्द नहीं हैं
कैसे खोल दूँ ग्रंथित मन !!

तुम अधीर प्रान हुए कुछ सुनने को
मर्म के उगे दो आखर चुनने को,
प्रीति है
मुक्ति नहीं है,
कैसे तोड़ दूँ सब बंधन ?

बाँसुरी लगी है लाज नहीं बजेगी
स्वर की सौतन राधा नहीं सजेगी,
कण्ठ है
गान नहीं है,
रूठ न जाना मनमोहन !

पाँव लग रहूँगी मौन, सहूँगी व्यथा,
कह न सकूँगी अपने स्वप्न की कथा,
भाव हैं
छंद नहीं हैं,
मौन ही बनेगा समर्पन !!

कैसे खोल दूँ ग्रंथित मन ?
बात है, शब्द नहीं हैं
मौन ही बनेगा समर्पन !!


सोमवार, 4 मार्च 2019

मन ने छाप लिया - रवीन्द्र भ्रमर

Image result for ऐश्वर्या
आँखों ने बस देखा भर था,
मन ने उसको छाप लिया।

रंग पंखुरी केसर टहनी नस-नस के सब ताने-बाने,
उनमें कोमल फूल बना जो, भोली आँख उसे ही जाने,
मन ने सौरभ के वातायन से--
असली रस भाँप लिया।
आँखों ने बस देखा भर था
मन ने उसको छाप लिया।

छवि की गरिमा से मंडित, उस तन की मानक ऊँचाई को,
स्नेह-राग से उद्वेलित उस मन की विह्वल तरुणाई को,
आँखों ने छूना भर चाहा,
मन ने पूरा नाप लिया।
आँखों ने बस देखा भर था,
मन ने उसको छाप लिया।

आँख पुजारी है, पूजा में भर अँजुरी नैवेद्य चढ़ाए,
वेणी गूँथे, रचे महावर, आभूषण ले अंग सजाए,
मन ने जीवन-मंदिर में-
उस प्रतिमा को ही थाप लिया।
आँखों ने बस देखा भर था,
मन ने उसको छाप लिया।
- रवीन्द्र भ्रमर

चित्र - गूगल से साभार