फ़ॉलोअर

धर्मवीर भारती लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
धर्मवीर भारती लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

रविवार, 28 जुलाई 2019

साँझ के बादल - धर्मवीर भारती

ये अनजान नदी की नावें 
जादू के-से पाल 
उड़ाती 
आती  
मंथर चाल।

नीलम पर किरनों 
की साँझी 
एक न डोरी 
एक न माँझी ,
फिर भी लाद निरंतर लाती 
सेंदुर और प्रवाल!

कुछ समीप की 
कुछ सुदूर की,
कुछ चन्दन की 
कुछ कपूर की,
कुछ में गेरू, कुछ में रेशम 
कुछ में केवल जाल।

ये अनजान नदी की नावें 
जादू के-से पाल 
उड़ाती 
आती  
मंथर चाल।

- धर्मवीर भारती

मंगलवार, 14 मई 2019

क्या इनका कोई अर्थ नहीं - धर्मवीर भारती

ये शामें, सब की शामें... 
जिनमें मैंने घबरा कर तुमको याद किया 
जिनमें प्यासी सीपी-सा भटका विकल हिया 
जाने किस आने वाले की प्रत्याशा में 
ये शामें 
क्या इनका कोई अर्थ नहीं? 
वे लमहें 
वे सूनेपन के लमहें 
जब मैनें अपनी परछाई से बातें की 
दुख से वे सारी वीणाएं फेकीं 
जिनमें अब कोई भी स्वर न रहे 
वे लमहें 
क्या इनका कोई अर्थ नहीं?
वे घड़ियां, वे बेहद भारी-भारी घड़ियां
जब मुझको फिर एहसास हुआ
अर्पित होने के अतिरिक्त कोई राह नहीं   
जब मैंने झुककर फिर माथे से पंथ छुआ
फिर बीनी गत-पाग-नूपुर की मणियां
वे घड़ियां 
क्या इनका कोई अर्थ नहीं?
ये घड़ियां, ये शामें, ये लमहें 
जो मन पर कोहरे से जमे रहे 
निर्मित होने के क्रम में 
क्या इनका कोई अर्थ नहीं?
जाने क्यों कोई मुझसे कहता 
मन में कुछ ऐसा भी रहता 
जिसको छू लेने वाली हर पीड़ा 
जीवन में फिर जाती व्यर्थ नहीं
अर्पित है पूजा के फूलों-सा जिसका मन 
अनजाने दुख कर जाता उसका परिमार्जन 
अपने से बाहर की व्यापक सच्चाई को 
नत-मस्तक होकर वह कर लेता सहज ग्रहण 
वे सब बन जाते पूजा गीतों की कड़ियां 
यह पीड़ा, यह कुण्ठा, ये शामें, ये घड़ियां 
इनमें से क्या है 
जिनका कोई अर्थ नहीं!
कुछ भी तो व्यर्थ नहीं!
 - धर्मवीर भारती

चित्र - रवीन्द्र भारद्वाज

बुधवार, 27 फ़रवरी 2019

उदास तुम - धर्मवीर भारती

Image result for उदास तुम कविता
तुम कितनी सुन्दर लगती हो
जब तुम हो जाती हो उदास !
ज्यों किसी गुलाबी दुनिया में सूने खँडहर के आसपास
मदभरी चांदनी जगती हो !

मुँह पर ढँक लेती हो आँचल
ज्यों डूब रहे रवि पर बादल,
या दिन-भर उड़कर थकी किरन,
सो जाती हो पाँखें समेट, आँचल में अलस उदासी बन !
दो भूले-भटके सान्ध्य-विहग, पुतली में कर लेते निवास !
तुम कितनी सुन्दर लगती हो
जब तुम हो जाती हो उदास !

खारे आँसू से धुले गाल
रूखे हलके अधखुले बाल,
बालों में अजब सुनहरापन,
झरती ज्यों रेशम की किरनें, संझा की बदरी से छन-छन !
मिसरी के होठों पर सूखी किन अरमानों की विकल प्यास !
तुम कितनी सुन्दर लगती हो
जब तुम हो जाती हो उदास !

भँवरों की पाँतें उतर-उतर
कानों में झुककर गुनगुनकर
हैं पूछ रहीं-‘क्या बात सखी ?
उन्मन पलकों की कोरों में क्यों दबी ढँकी बरसात सखी ?
चम्पई वक्ष को छूकर क्यों उड़ जाती केसर की उसाँस ?
तुम कितनी सुन्दर लगती हो
ज्यों किसी गुलाबी दुनिया में सूने खँडहर के आसपास
मदभरी चाँदनी जगती हो !
Image result for धर्मवीर भारती
- धर्मवीर भारती